-भागलपुर को मिला मरीन ड्राइव का तोहफा, गंगा किनारे बनेगा 12 किमी लंबा रिवर फ्रंट
✍🏻 भागलपुर। संवाददाता।
भागलपुरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। अब बिहार की ऐतिहासिक धरती भागलपुर में भी पटना के मरीन ड्राइव की तर्ज पर शानदार रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। गंगा नदी के तट पर बनने वाला यह रिवर फ्रंट बरारी घाट से लेकर चंपानगर तक करीब 12 किलोमीटर लंबाई में फैला होगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 163 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके निर्माण से भागलपुर न सिर्फ सौंदर्यीकरण की दिशा में आगे बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय लोगों के लिए भी यह एक बेहतरीन आकर्षण का केंद्र बनेगा।

रिवर फ्रंट में लोगों की सुविधा और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए स्केटिंग ट्रैक, योगा जोन, वॉकिंग पाथ, और नौका विहार जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परियोजना से गंगा किनारे के क्षेत्रों को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
इस विकास कार्य के पूरा होने के बाद भागलपुरवासियों को न सिर्फ एक खुशनुमा वातावरण मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र आने वाले दिनों में पर्यटकों के लिए भी एक नया डेस्टिनेशन बन सकता है।












