Advertisement

बोचहां में चोरों का आतंक, एक ही रात स्कूल और पंचायत भवन को बनाया निशाना

-बोचहां में चोरों का आतंक, एक ही रात स्कूल और पंचायत भवन को बनाया निशाना

मुजफ्फरपुर। जिले के बोचहां प्रखंड अंतर्गत उनसर पंचायत में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में दो सरकारी भवनों को निशाना बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी। अज्ञात चोरों ने उच्च विद्यालय उनसर और पंचायत भवन का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। स्कूल से चोर कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर ले गए, जबकि पंचायत भवन में ग्रामीणों के जाग जाने के कारण चोरी का प्रयास विफल हो गया।
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका श्वेता कुमारी ने बताया कि रात करीब एक बजे के बाद विद्यालय परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड के सो जाने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया। इसके बाद वे विद्यालय के कमरे में घुस गए। चोरों ने वहां रखे दो इनवर्टर, दो बड़ी बैटरी और एक स्मार्ट टीवी चोरी कर लिया। सुबह विद्यालय खुलने पर कमरे का ताला टूटा मिला और सामान गायब देखकर कर्मियों को चोरी की जानकारी हुई।


स्कूल में चोरी के बाद चोरों ने पास स्थित उनसर पंचायत भवन को भी निशाना बनाया। चोरों ने पंचायत भवन का ताला तोड़ दिया, लेकिन इसी दौरान खटपट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जाग गए। ग्रामीणों के जागने की भनक लगते ही चोर मौके से बिना कोई सामान चोरी किए फरार हो गए।
पंचायत सचिव धीरज कुमार ने बताया कि पंचायत भवन का ताला टूटा हुआ मिला, लेकिन अंदर रखा सारा सामान सुरक्षित है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद बोचहां थाना पुलिस ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में जांच कर रही है। जल्द ही घटना में शामिल चोरों को गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।