-बेनीबाद पुलिस की कार्रवाई: देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ औराई का बदमाश गिरफ्तार
-तीन आपराधिक मामलों में रहा है आरोपित -पुलिस ने मोबाइल फोन भी किया जब्त
दीपक कुमार/गायघाट
गायघाट। बेनीबाद थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान औराई थाना क्षेत्र निवासी विकास कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
डीएसपी अलय वत्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि बेनीबाद थाना क्षेत्र के रमौली चौक के पास एक अज्ञात व्यक्ति अवैध हथियार लेकर किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद बेनीबाद थाना की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और विकास कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।छापेमारी टीम के दौरान थाना अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह विशेष टीम के साथ मौजूद थे।

तीन आपराधिक मामलों में दर्ज हैं केस:
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ औराई थाना में हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित कांड संख्या 341/26 दर्ज है। इसके अलावा कटरा थाना में लूट के मामले में कांड संख्या 210/26 तथा हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित कांड संख्या 209/26 दर्ज है।
इस मामले में बेनीबाद थाना में कांड संख्या 156/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित के पास से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।













