-बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की स्नातक परीक्षा की तारीखों में बदलाव, 5 सितंबर की परीक्षा अब 18 को
मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने स्नातक परीक्षा के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीन दिनों की परीक्षा तिथियों में संशोधन करते हुए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत पांच सितंबर से प्रस्तावित परीक्षा अब छह सितंबर से शुरू होगी।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरविंद कुमार ने बुधवार दोपहर संशोधित परीक्षा कार्यक्रम से संबंधित अधिसूचना जारी की। नए कार्यक्रम के अनुसार 5 सितंबर की परीक्षा अब 18 सितंबर, 11 सितंबर की परीक्षा 19 सितंबर और 14 सितंबर की परीक्षा 21 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार छुट्टियों और प्रशासनिक व्यस्तताओं को देखते हुए परीक्षा तिथियों में बदलाव किया गया है। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर अवकाश है। वहीं, 11 सितंबर को विश्वविद्यालय में राज्यपाल के संभावित आगमन को देखते हुए परीक्षा की तिथि बदली गई है। इसके अलावा 14 सितंबर को हरितालिका तीज व्रत होने के कारण उस दिन निर्धारित परीक्षा को आगे बढ़ाया गया है।

संशोधित परीक्षा कार्यक्रम की प्रति विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों को भेज दी गई है। साथ ही इसे विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया है। छात्र-छात्राएं अपने ग्रुप, विषय और पाली के अनुसार संशोधित परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी परीक्षार्थी की परीक्षा निर्धारित तिथि पर छूट जाने की स्थिति में दोबारा परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक ने विद्यार्थियों से संशोधित रूटीन ध्यानपूर्वक देखने और उसी के अनुसार परीक्षा की तैयारी करने की अपील की है।
यह परीक्षा सत्र 2023-27 के तहत नामांकित स्नातक विद्यार्थियों की है, जिसे अब संशोधित तिथियों के अनुसार आयोजित किया जाएगा।












