Advertisement

बिहार पुलिस में 15,821 पदों पर बहाली, पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक जवानों के लिए सुनहरा मौका

-बिहार पुलिस में 15,821 पदों पर बहाली, पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक जवानों के लिए सुनहरा मौका

पटना। बिहार में बेरोजगार पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने विशेष सहायक पुलिस (सैप) के तहत 15,821 पदों पर अनुबंध आधारित बहाली प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है। भर्ती प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी, जिसे लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है।

इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि पहली बार केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के सेवानिवृत्त अर्द्धसैनिक कर्मियों को भी इसमें शामिल होने का मौका दिया गया है। भर्ती के लिए दानापुर कैंट को नोडल केंद्र बनाया गया है, जहां 1 से 6 जून तक प्रमंडलवार भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। रैलियां प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगी।

भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन पर आधारित होगी। उम्मीदवारों की शारीरिक परीक्षा नहीं होगी, लेकिन मेडिकल जांच अनिवार्य रखी गई है। अभ्यर्थियों को आधुनिक छोटे स्वचालित हथियारों की जानकारी होना जरूरी होगा। इसके अलावा आपदा प्रबंधन, बम डिटेक्शन, ड्राइविंग, तैराकी, गोताखोरी और मोटरबोट संचालन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

आरक्षण के तहत पदों का वर्गवार बंटवारा भी तय कर दिया गया है। अनारक्षित वर्ग के लिए 6417, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 2936, अनुसूचित जाति के लिए 2688, पिछड़ा वर्ग के लिए 1525, पिछड़ा वर्ग महिला के लिए 510, अनुसूचित जनजाति के लिए 163 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1582 पद निर्धारित किए गए हैं।

मानदेय की दृष्टि से भी यह भर्ती आकर्षक मानी जा रही है। जेसीओ को 35 हजार रुपये, सैप जवानों को 30 हजार रुपये तथा रसोइयों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इसके अलावा वर्दी, यात्रा भत्ता और अन्य सुविधाएं भी बिहार पुलिस के नियमित जवानों के समान उपलब्ध कराई जाएंगी।

चयनित कर्मियों की नियुक्ति एक वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है। इन्हें परिवहन, उत्पाद और खनन विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी तैनात किया जा सकेगा। साथ ही एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरण की सुविधा मिलेगी, हालांकि गृह जिले में पोस्टिंग नहीं दी जाएगी।

भर्ती रैली का शेड्यूल

पूर्णिया, भागलपुर, दरभंगा — 1 जून

कोसी, मुंगेर, सारण — 2 जून

तिरहुत — 3 जून

मगध — 4 जून

पटना (पटना, नालंदा) — 5 जून

पटना (भोजपुर, रोहतास, बक्सर, भभुआ) — 6 जून

भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए एसटीएफ कार्यालय और दानापुर कैंट हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। यह बहाली न केवल बिहार पुलिस व्यवस्था को मजबूती देगी, बल्कि हजारों पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक जवानों के लिए रोजगार और सम्मान का नया अवसर भी साबित होगी।