-बागमती नदी में डूबे दूसरे बच्चे का शव भी बरामद, दो मासूमों की मौत से गांव में मातम
-विधायक कोमल सिंह ने पीड़ित परिवारों से मिलकर बंधाया ढांढस
मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक कुमार। बेनीबाद थाना क्षेत्र के हरखौली गांव में बागमती नदी में नहाने के दौरान डूबे दूसरे बच्चे का शव भी मंगलवार को बरामद कर लिया गया। इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2 बजे हरखौली गांव निवासी ओम प्रकाश (12 वर्ष), पिता अजय राय एवं आशिक कुमार (10 वर्ष), पिता पप्पू राय बागमती नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की गई।

बताया गया कि एसडीआरएफ की दो टीम लगातार नदी में खोजबीन कर रही थी। सोमवार शाम को आशिक कुमार का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि मंगलवार को दूसरे बच्चे ओम प्रकाश का शव भी नदी से निकाल लिया गया।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और लोग गहरे दुख में डूबे हुए हैं।
इधर, गायघाट की विधायक कोमल सिंह ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। मौके पर कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।












