-बन्दरा में भीषण आग, दो घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति नष्ट
बन्दरा (मुजफ्फरपुर)।दीपक तिवारी।
बन्दरा प्रखंड के चंदौली पंचायत के वार्ड संख्या 12 में शनिवार रात एक भीषण अग्निकांड में दो घर जलकर राख हो गए। घटना किशोरी दास और पंकज दास के घर में हुई, जिसका कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
बरसात के मौसम में इस तरह की घटना से इलाके के लोग हैरान रह गए। आग लगते ही गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, नकदी सहित चार से अधिक प्रकार की संपत्ति पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।

बन्दरा मुखिया पुत्र चंदन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पियर थाना और बन्दरा अंचल प्रशासन को दी गई है। सहायता को लेकर आवश्यक कार्यवाई जारी है। वहीं बन्दरा के सीओ अंकुर राय ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को घटनास्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को यथासंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।











