-बंद घर में लाखों की चोरी देख बुजुर्ग को लगा सदमा, हार्ट अटैक से मौत
-कुढ़नी के सुमेरा गांव की घटना
-टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर बिगड़ी तबीयत
-अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
मुजफ्फरपुर। जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के सुमेरा गांव में बंद घर में चोरी की घटना सामने आई है। घर का टूटा ताला, बिखरा सामान और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी गायब देखकर 60 वर्षीय गृहस्वामी मोजीबुल हक की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, उन्हें सीने में तेज दर्द उठा और अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मोजीबुल हक अपनी बहू के साथ मनियारी थाना क्षेत्र के सोनवर्षा में किराये के मकान में रहते थे। उनकी बहू वहां एक विद्यालय में शिक्षिका हैं। इस कारण सुमेरा स्थित उनका पैतृक घर अक्सर बंद रहता था।

सोमवार की शाम करीब पांच बजे मोजीबुल हक अपने घर की देखरेख करने पहुंचे। वहां मुख्य दरवाजे के बाद अंदर खिड़की का शीशा और कमरों के ताले टूटे मिले। कमरे में रखी गोदरेज और अलमारी के लॉक भी टूटे हुए थे। चोर कथित तौर पर अलमारी में रखी नकदी, कीमती जेवरात और महंगे कपड़े लेकर फरार हो गए थे।
घर की हालत देखकर मोजीबुल हक गहरे सदमे में आ गए। रात करीब नौ बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय मुखिया गुड़िया कुमारी और मुखिया प्रतिनिधि विजय कुमार समेत कई ग्रामीण पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और सांत्वना दी। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना की जांच कर आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।











