-नेपाल में अवैध रूप से रहने के आरोप में 10 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, पांच पश्मीना फैक्ट्रियों में चल रही थी जांच
-काठमांडू की पांच पश्मीना फैक्ट्रियों से हुई गिरफ्तारी, इमिग्रेशन विभाग को सौंपे गए सभी आरोपी
जनकपुरधाम से मिश्री लाल मधुकर। नेपाल में गैर-कानूनी तरीके से प्रवेश करने और बिना वैध दस्तावेजों के रहने के आरोप में आर्म्ड पुलिस फोर्स नेपाल ने 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। सभी को काठमांडू की पांच अलग-अलग पश्मीना फैक्ट्रियों से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें काठमांडू के कालीकस्थान स्थित इमिग्रेशन विभाग को सौंप दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, काठमांडू के बागभैरव स्थित 18 नंबर बटालियन मुख्यालय के पुलिस इंस्पेक्टर गणेश न्यौपाने के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। आर्म्ड पुलिस फोर्स को सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से नेपाल में प्रवेश कर अलग-अलग पश्मीना फैक्ट्रियों में काम कर रहे हैं। इसके बाद टीम को जांच और कार्रवाई के लिए भेजा गया।

आर्म्ड पुलिस फोर्स की प्रवक्ता डीआईजी नेत्र कार्की के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों को काठमांडू की पांच पश्मीना फैक्ट्रियों से पकड़ा गया। इनमें इंद्र श्रेष्ठ की रूबी पश्मीना कंपनी, मुके शेरपा की लिस्टिमाई पश्मीना फैक्ट्री, राजू महत की आरपी पश्मीना फैक्ट्री, इबकुमारी तिरुवा की सिद्धार्थ सिवानी पश्मीना फैक्ट्री और श्याम प्रसाद बजगैन की गोल्डन पश्मीना हैंडीक्राफ्ट शामिल हैं।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मोहम्मद मुख्तार हुसैन (45), अब्बास अली (39), रफीक आलम (46), मोहम्मद आरिफ सोसन (40), अजीजुल (30), अब्दुल कादर (29), मोहम्मद आलम (37), मेहताब मंडल (36), रतुल इस्लाम (20) और बशर खान (30) के रूप में हुई है।
डीआईजी नेत्र कार्की ने बताया कि सभी 10 लोगों को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए इमिग्रेशन विभाग भेज दिया गया है। हालांकि, वे किस प्रक्रिया से नेपाल पहुंचे थे और उनके वीजा, निवास तथा काम करने से संबंधित दस्तावेजों की स्थिति क्या है, इस संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच और पूछताछ की जा रही है।











