Advertisement

फुट ओवरब्रिज छोड़ मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार कर रहे यात्री, हादसे का खतरा

-फुट ओवरब्रिज छोड़ मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार कर रहे यात्री, हादसे का खतरा

मुजफ्फरपुर। रेलवे की सख्ती और लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के बावजूद मुजफ्फरपुर जंक्शन पर ट्रैक पार करने की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को स्टेशन पर कुछ यात्री फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय खड़ी मालगाड़ी के नीचे और ऊपर से होकर पटरी पार करते नजर आए। कुछ मिनट बचाने की यह कोशिश कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए जंक्शन पर फुट ओवरब्रिज उपलब्ध है। इसके बावजूद कुछ लोग निर्धारित रास्ते का इस्तेमाल करने के बजाय शॉर्टकट अपना रहे हैं। खड़ी मालगाड़ी के नीचे या उसके ऊपर से निकलना बेहद जोखिम भरा है। मालगाड़ी के अचानक चलने या दूसरी पटरी से ट्रेन आने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।


रेलवे और आरपीएफ की ओर से स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों और लगातार गश्ती के जरिए ट्रैक पार करने वालों पर नजर रखी जा रही है। रेलवे के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में 40 से अधिक यात्रियों को ट्रैक पार करते पकड़ा गया है। इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया गया है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि ट्रैक पार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ यात्रियों को लगातार जागरूक भी किया जा रहा है। इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि कुछ मिनट बचाने के लिए जान जोखिम में न डालें और हमेशा फुट ओवरब्रिज या निर्धारित रास्ते का ही इस्तेमाल करें।