Advertisement

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का सरगना ‘मुन्ना स्कॉर्पियो’ गिरफ्तार

-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का सरगना ‘मुन्ना स्कॉर्पियो’ गिरफ्तार

-वैशाली के सहदेई से सरगना और सहयोगी दबोचे गए
-मिठनपुरा में चोरी के आरोप में हिस्ट्रीशीटर समेत तीन गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सरगना अंजनी कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना स्कॉर्पियो और उसके सहयोगी दिनेश सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों को वैशाली जिले के सहदेई से पकड़ा गया। वहीं, मिठनपुरा थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।

सदर थानेदार नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वैशाली जिले के सहदेई में छापेमारी कर अंजनी कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना स्कॉर्पियो और उसके सहयोगी दिनेश सिंह को गिरफ्तार किया। मुन्ना स्कॉर्पियो के खिलाफ सदर थाने में चार पहिया वाहन चोरी के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। बीते आठ अगस्त को सदर थाना पुलिस ने मुन्ना स्कॉर्पियो के पुत्र ऋतिक कुमार को वैशाली जिले के लालगंज स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया था।

वहीं, तीन अगस्त को पताही पावर ग्रिड के समीप छापेमारी के दौरान चोरी की दो कारें बरामद की गई थीं। इस मामले में राजू कुमार राय और मो. अनवर समेत अन्य आरोपियों को नामजद किया गया था। पुलिस इनमें से कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

इधर, मिठनपुरा थाना पुलिस ने पीएंडटी रोड स्थित एक मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। थानेदार अजय कुमार ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें हथौड़ी थाना क्षेत्र के कफेन निवासी हिस्ट्रीशीटर संतोष कुमार और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के घरेलू सामान और पूजन सामग्री बरामद की है। बरामद सामान में स्टील की पांच टोपियां, एक सस्पेन, एक जग, तीन गिलास, एक थर्मस, एक कठौती, एक परात, छोटी प्लेट, कड़ाही, गैस चूल्हा और विभिन्न प्रकार की पूजन सामग्री शामिल हैं। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है।

दोनों मामलों में पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी और घरों में चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।