-पीएम मोदी ने किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन, नीतीश कुमार को लगाया गले, गमछा लहराकर किया अभिवादन
पटना/वैशाली(दीपक कुमार तिवारी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने बहुप्रतीक्षित ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे गए इस पुल के उद्घाटन के दौरान राजनीतिक सौहार्द की तस्वीर भी देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश कुमार को गले लगाया। इसके बाद पुल पर टहलते हुए गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया।
उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास, गरीबी उन्मूलन और एनडीए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार ने दशकों तक बदहाली का दौर देखा, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य को सुशासन का भरोसा मिला। नीतीश कुमार ने लंबे समय तक बिहार की सेवा की और अब उनके आशीर्वाद से सम्राट चौधरी की टीम राज्य को आगे बढ़ा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार के शासन में बिहार में विकास की नई होड़ देखने को मिल रही है। राज्य के हर इलाके में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि एक समय बिहार में घोटालों की चर्चा होती थी, लेकिन अब निवेश के आंकड़ों पर बात हो रही है। पहले गांवों में बिजली की सुविधा नहीं थी, जबकि आज बिहार बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश गरीबी के खिलाफ लड़ाई में आगे बढ़ रहा है। जब सरकार साफ नीयत से काम करती है तो उसके परिणाम भी दिखाई देते हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि गरीबों को सरकार की प्राथमिकता में रखा गया है और उन्हें आवास, इलाज, बिजली एवं पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि इन योजनाओं से गरीब परिवारों के जीवन में बदलाव आया है और उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ा है। गरीबी के खिलाफ अभियान में बिहार का भी बड़ा योगदान है। डबल इंजन सरकार ने सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों के घर तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया है।
प्रधानमंत्री ने बिहार में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में 43 लाख लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बिहार के 75 लाख किसानों के खातों में हजारों करोड़ रुपये भेजे गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को पक्के घर मिले हैं। सरकार का उद्देश्य गरीबों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास को देश की प्रगति से जोड़ते हुए राज्य में चल रही विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।












