-पीएम के संदेश से सेवा ज्योति यात्रा तक पहुंचा कार्यक्रम, मशाल लेकर जूरन छपरा पहुंचे मंत्री
मुजफ्फरपुर। सिकंदरपुर में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मशाल लेकर सेवा ज्योति यात्रा निकाली। राजस्व मंत्री सह मुजफ्फरपुर के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल के नेतृत्व में निकली यात्रा डीएम आवास के समीप जूरन छपरा चौक पहुंची। इसके बाद मंत्री समेत भाजपा नेता बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए रवाना हुए।
सिकंदरपुर में पीएम का संबोधन सुनने के लिए भाजपा नेता, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे थे। इस दौरान डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सेवा और विकास के संकल्प को निरंतर मजबूत करने की जरूरत है।

संबोधन के बाद कार्यकर्ता मशाल लेकर सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हुए। जूरन छपरा चौक पर मशाल रखने के बाद सभी बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे। भाजपा नेताओं ने बताया कि डीएम आवास के समीप जूरन छपरा चौक को जिला प्रशासन की ओर से विकसित किया जाएगा और यहां चौबीसों घंटे सेवा का दीप जलाने की योजना है। नेताओं ने चौक का नाम सेवा चौक रखने की मांग भी की।
कार्यक्रम के अगले चरण में रामदयालु स्थित एक होटल में शिक्षकों के साथ संवाद आयोजित किया गया। इसमें शिक्षा और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में नगर विधायक रंजन कुमार, महापौर निर्मला साहू, उप महापौर डॉ. मोनालिसा, प्रभात मलाकार समेत कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।












