-नरकटियागंज से मेमू ट्रेनों के मार्ग विस्तार का शुभारंभ
-यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
-केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे और सांसद सुनील कुमार ने दिखाई हरी झंडी -बगहा–पाटलिपुत्र इंटरसिटी में बढ़े कोच
समस्तीपुर, 18 मई 2026 : रेल यात्रियों की सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए रविवार को नरकटियागंज स्टेशन पर मेमू ट्रेनों के मार्ग विस्तार का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के कोयला एवं खान मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे तथा वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों को रवाना किया। कार्यक्रम में सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा भी मौजूद रहे।
रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 63373/74 दरभंगा–रक्सौल मेमू सवारी गाड़ी का विस्तार अब नरकटियागंज स्टेशन तक किया गया है। वहीं गाड़ी संख्या 63313/14 मुजफ्फरपुर–रक्सौल मेमू सवारी गाड़ी को सिकटा स्टेशन तक विस्तारित किया गया है।
इस मौके पर समस्तीपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति समेत रेलवे के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए गाड़ी संख्या 15201/02 बगहा–पाटलिपुत्र इंटरसिटी एक्सप्रेस में कोचों की संख्या 12 से बढ़ाकर 16 कर दी है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त बैठने की सुविधा मिलेगी और भीड़भाड़ में कमी आएगी।
मेमू ट्रेनों के इस मार्ग विस्तार से नरकटियागंज, सिकटा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधी एवं सुगम रेल संपर्क सुविधा मिलेगी। खासकर दैनिक यात्रियों, छात्रों, व्यवसायियों और आम नागरिकों को यात्रा में समय की बचत होगी। साथ ही क्षेत्रीय आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रेल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।












