-नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सरकार अलर्ट, अगले 48 घंटे विशेष निगरानी के निर्देश
पटना, 1 अक्टूबर 2026(दीपक तिवारी)। बिहार में गंगा, गंडक और सोन नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सरकार ने निगरानी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को जेपी गंगा पथ पहुंचकर गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों की सुरक्षा और राहत-बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सरकार पूरी तरह अलर्ट है। अगले 48 घंटे तक विशेष निगरानी रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके लिए लगातार स्थिति की निगरानी करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार गंगा, गंडक और सोन नदियों में रिकॉर्ड स्तर पर पानी आया है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति तब है, जब बिहार में इस वर्ष सामान्य से करीब 32 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सरकार पूरी तरह मुस्तैद है और राहत एवं बचाव कार्य लगातार चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एयरफोर्स से भी मदद मांगी गई है। प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।












