-दिन में संकरी, रात में चौड़ी! रेवा रोड पर जाम ने बढ़ाई परेशानी
-अवैध ऑटो-बस स्टैंड और अतिक्रमण बना वजह
मुजफ्फरपुर। शहर के बाहरी लेकिन बेहद महत्वपूर्ण इलाके भगवानपुर-रेवा रोड की तस्वीर इन दिनों कुछ ऐसी है कि रात में सड़कें चौड़ी और दिन निकलते ही संकरी नजर आने लगती हैं। वजह कोई दृष्टिभ्रम नहीं, बल्कि सड़क पर बढ़ता अतिक्रमण, अवैध ऑटो-बस स्टैंड और बेतरतीब पार्किंग है। एयरपोर्ट के शिलान्यास की तैयारियों के बीच शहर से एयरपोर्ट की ओर जाने वाली प्रमुख सड़क की यह स्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
छपरा और मुजफ्फरपुर को जोड़ने वाली रेवा रोड पर दिन के समय जाम की स्थिति अक्सर गंभीर हो जाती है। सड़क के दोनों ओर अस्थायी दुकानें और सड़क पर खड़े ऑटो-बस के कारण यातायात प्रभावित रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में जब सड़क खाली होती है तो यही रास्ता काफी चौड़ा दिखाई देता है, लेकिन सुबह होते ही वाहनों और अतिक्रमण के कारण सड़क सिकुड़ती नजर आती है।
जाम का असर आम लोगों के साथ-साथ एम्बुलेंस, स्कूल बसों और वीआईपी वाहनों पर भी पड़ता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वीआईपी वाहन जाम में फंसते ही ट्रैफिक पुलिस सक्रिय हो जाती है और उनके निकलने तक व्यवस्था संभालती है। हालांकि आम दिनों में जाम से निपटने की व्यवस्था को लेकर लोग सवाल उठाते रहे हैं।

रेवा रोड पर जाम को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। सड़क के बीच डिवाइडर भी लगाया गया था, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार अब डिवाइडर का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे पड़ा है और यातायात व्यवस्था में उसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अवैध रूप से संचालित ऑटो और बस स्टैंड जाम की बड़ी वजह हैं। उनका दावा है कि भगवानपुर-रेवा रोड इलाके में दो ऑटो स्टैंड संचालित होते हैं, जहां वाहन चालकों से कथित तौर पर नियमित रूप से वसूली की जाती है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि स्टैंड के संचालन का विरोध करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। लोगों का यह भी कहना है कि स्टैंड के आसपास नशा करने वाले और मोबाइल छिनतई करने वाले असामाजिक तत्वों की सक्रियता की शिकायतें भी रहती हैं।
एयरपोर्ट को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है, ऐसे में एयरपोर्ट से शहर को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। अब देखना होगा कि प्रशासन अवैध स्टैंड, अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग पर कब प्रभावी कार्रवाई करता है और रेवा रोड को जाम की समस्या से कब राहत मिलती है।












