-दरभंगा में आंसू गैस प्रशिक्षण के दौरान मचा हड़कंप, कई जवानों की बिगड़ी तबीयत, DMCH में चल रहा इलाज
दरभंगा। बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस-13 (BSAP-13) के प्रशिक्षण परिसर में बुधवार को आंसू गैस के गोले दागने की ट्रेनिंग के दौरान अचानक कई जवानों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद प्रशिक्षण परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रभावित जवानों और पुलिसकर्मियों को तत्काल इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) पहुंचाया गया। घटना के दौरान विस्फोट होने के बाद जवानों को सांस लेने में परेशानी और शरीर में खुजली की शिकायत होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, BSAP-13 के प्रशिक्षण परिसर में जवानों को आंसू गैस के गोले के इस्तेमाल और उन्हें दागने का अभ्यास कराया जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक विस्फोट हुआ। इसके बाद वहां मौजूद कुछ जवानों ने सांस लेने में परेशानी और अन्य शारीरिक तकलीफों की शिकायत की। वहीं, कुछ पुलिसकर्मियों ने शरीर में खुजली होने की बात कही।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रभावित जवानों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई और एहतियात के तौर पर DMCH भेजा गया। शुरुआती जानकारी में सौ से अधिक जवानों के प्रभावित होने की बात सामने आई थी। हालांकि, BSAP-13 के कमांडेंट रवीश कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से प्रभावित जवानों की संख्या पांच है, जबकि कुछ अन्य पुलिसकर्मियों ने खुजली होने की शिकायत की है।

कमांडेंट रवीश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जवानों को आंसू गैस के गोले दागने का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। इसी दौरान विस्फोट के बाद कुछ जवानों ने परेशानी महसूस की। सभी को एहतियात के तौर पर अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार, किसी भी जवान की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
जानकारी के मुताबिक, दो पुलिसकर्मियों को DMCH में भर्ती रखा गया है, जबकि अन्य प्रभावित जवानों का प्राथमिक उपचार किया गया है। उनकी स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।
इस घटना के बाद प्रशिक्षण परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और आंसू गैस के गोले दागने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, विस्फोट किस वजह से हुआ और जवानों की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना के कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।












