-जीविका दीदियों के पौष्टिक स्नैक्स बार बाजार में उतरने को तैयार
-10 रुपये में मिलेगा सेहत का स्वाद
मुजफ्फरपुर। जीविका दीदियां अब आत्मनिर्भरता के साथ लोगों की सेहत का भी ख्याल रख रही हैं। उनके हाथों से तैयार पौष्टिक स्नैक्स बार समेत अन्य खाद्य उत्पाद जल्द ही बाजार में उपलब्ध होंगे। इन उत्पादों की शुरुआती कीमत 10 रुपये प्रति पैकेट रखी गई है। खास बात यह है कि ये उत्पाद बाजरा, मूंगफली, छुहारा और मड़ुआ जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों से तैयार किए जा रहे हैं।
मुशहरी प्रखंड की संगम स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जीविका दीदियां इन उत्पादों का निर्माण कर रही हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार और आमदनी बढ़ाने के साथ लोगों को पौष्टिक खाद्य विकल्प उपलब्ध कराना है।

इन स्नैक्स बार की खासियत है कि इन्हें बनाने में केमिकल प्रिजर्वेटिव, एडिटिव और अतिरिक्त रिफाइंड चीनी का इस्तेमाल नहीं किया गया है। प्राकृतिक खाद्य सामग्री से तैयार ये उत्पाद पौष्टिक विकल्प के रूप में बाजार में अपनी जगह बनाने की तैयारी में हैं।
जीविका दीदियों की इस पहल से ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बाजार से जोड़ने की योजना से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए आय के नए अवसर खुलेंगे।












