-जमुई में गरजे पीएम मोदी:आदिवासियों के सम्मान में बोले – “जिसको किसी ने नहीं पूछा, मोदी उसको पूजता है”
जमुई(बिहार)। दीपक कुमार तिवारी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जमुई में जनजातीय गौरव सम्मान सम्मेलन में भाग लेकर आदिवासी समाज के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं और उनके कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों पर जोर दिया। प्रधानमंत्री 48 घंटों में दूसरी बार बिहार पहुंचे हैं। 13 नवंबर को दरभंगा में संबोधन के बाद, आज 15 नवंबर को उन्होंने जमुई में 6600 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आदिवासी समाज के कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा, “जिसको किसी ने नहीं पूछा, मोदी उसको पूजता है।” उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे उनकी सरकार ने आदिवासी समाज को सर्वोच्च पद पर सम्मान दिया है। उन्होंने बताया कि 24000 करोड़ रुपये की पीएम जन-मन योजना के माध्यम से हजारों पिछड़े आदिवासियों को घर, सड़क, और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं।
प्रधानमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले आदिवासी क्षेत्रों को विकास योजनाओं से वंचित रखा जाता था और ऐसी जगहों पर अधिकारियों को “सजा के तौर पर पोस्टिंग” दी जाती थी। लेकिन एनडीए सरकार ने इस सोच को बदलते हुए आदिवासी बहुल जिलों को आकांक्षी जिला घोषित किया है। अब इन पिछड़े क्षेत्रों में नवयुवक अधिकारी तैनात किए जा रहे हैं, जिससे आदिवासी समाज को लाभ हो रहा है।

पीएम मोदी ने तकनीकी शिक्षा में आदिवासी समाज की भाषाई समस्याओं पर भी ध्यान दिलाया और कहा कि मातृभाषा में परीक्षा देने का विकल्प देकर उनकी सरकार ने इस बाधा को दूर किया है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आदिवासी बहुल जिलों में 500 वृक्ष लगाने की भी घोषणा की।
इस दौरान पीएम मोदी ने झारखंड में होने वाले चुनावों को साधते हुए पड़ोसी राज्य के विकास और आदिवासी समाज के हितों की बात की। आदिवासी विरासत को सहेजने और आदिवासी वीरों को सम्मानित करने की दिशा में किए गए प्रयासों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
#पीएम_मोदी #जमुई #आदिवासी_सम्मान #बिरसा_मुंडा #झारखंड_चुनाव #मोदी_सरकार











