-छठ घाट तोड़कर पंचायत भवन निर्माण पर बवाल, सरपंच और ग्रामीणों ने उठाए सवाल
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिले के तुरकौलिया प्रखंड स्थित जयसिंहपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड नंबर-11 में निर्माणाधीन पंचायत भवन विवादों में घिर गया है। सरपंच बृज किशोर प्रसाद और ग्रामीणों ने निर्माण स्थल को लेकर आपत्ति जताई है।
आरोप है कि पंचायत भवन बनाने के लिए छठ घाट को तोड़कर जमीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में अन्य सरकारी जमीन खाली पड़ी है, बावजूद इसके विवादित जगह का चयन किया गया।

स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि सौदागर के बगल में पंचायत भवन बनाना उचित नहीं है। ऐसे में इस स्थान के लिए NOC कैसे मिली, इसकी भी जांच की मांग की गई है। ग्रामीणों का मानना है कि सरकारी जमीन उपलब्ध होने के बावजूद विवादित स्थल चुनना अनियमितता की ओर इशारा करता है।
सरपंच बृज किशोर प्रसाद सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण स्थल की जांच कराकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।












