-छठ को लेकर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर उमड़ा प्रवासियों का जनसैलाब, ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं
-दिल्ली, मुंबई और पंजाब से आने वाली ट्रेनें फुल, स्पेशल ट्रेनें 8 से 10 घंटे तक चल रहीं विलंब से
मुजफ्फरपुर। दीपावली का त्योहार समाप्त होते ही लोक आस्था के महापर्व छठ में शामिल होने के लिए परदेस में रहने वाले बिहारवासियों की घर वापसी तेज हो गई है। मंगलवार को दिल्ली, मुंबई, पंजाब समेत देश के विभिन्न राज्यों से मुजफ्फरपुर पहुंचने वाली प्रमुख ट्रेनें यात्रियों से खचाखच भरी रहीं। ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। सीट नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में यात्री खड़े होकर लंबा सफर तय करने को मजबूर हैं। ऐसे में छठ को लेकर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
ट्रेनों में सफर करना बना चुनौती:
छठ पूजा में अपने परिवार के साथ शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई और पंजाब सहित अन्य राज्यों से बिहार लौट रहे हैं। नियमित ट्रेनों में महीनों पहले से ही सीटें फुल हो चुकी हैं। इसके कारण जनरल और स्लीपर कोचों में अत्यधिक भीड़ है। कई यात्रियों को गेट और शौचालय के आसपास खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर करने वाले परिवारों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्पेशल ट्रेनों की लेटलतीफी से बढ़ी परेशानी:
यात्रियों की मुश्किलें स्पेशल ट्रेनों की देरी ने और बढ़ा दी हैं। जानकारी के अनुसार, रेलवे की ओर से चलाई जा रही कई स्पेशल ट्रेनें आठ से दस घंटे तक विलंब से चल रही हैं। मुंबई-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब दस घंटे की देरी से चल रही है। वहीं, दिल्ली से मुजफ्फरपुर आने वाली स्पेशल ट्रेनें भी लगातार विलंब से पहुंच रही हैं। इससे जंक्शन पर यात्रियों और उनके परिजनों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
अगले तीन-चार दिनों तक रहेगी भीड़:
त्योहार के मद्देनजर अगले तीन से चार दिनों तक ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ बने रहने की संभावना है। यात्रियों का कहना है कि छठ जैसे बड़े पर्व के दौरान ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ और स्पेशल ट्रेनों की लेटलतीफी से घर पहुंचने का सफर काफी मुश्किल हो गया है। लोगों ने रेलवे से ट्रेनों के परिचालन में सुधार और यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्था करने की मांग की है।












