-बरूराज में डायन का आरोप लगाकर महिला से मारपीट, पति और पुत्र भी घायल
-विरोध करने पर तीनों की पिटाई
-सोने के आभूषण छीनने का भी आरोप
-दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन
मुजफ्फरपुर। बरूराज थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला को डायन बताकर गाली-गलौज, मारपीट और प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। घटना में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में पीड़िता, उसका पति और पुत्र शामिल हैं। परिजनों के सहयोग से तीनों को इलाज के लिए मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। इस संबंध में पीड़िता ने पड़ोस के जितेंद्र भगत समेत 10 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस को आवेदन दिया है।
पीड़िता के अनुसार, वह अपने दरवाजे पर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपित वहां पहुंचे और उसे डायन कहकर गाली-गलौज करने लगे। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर महिला का पति और पुत्र बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिसमें दोनों घायल हो गए।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उसके सोने के आभूषण भी छीन लिए। वहीं, मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित शिकायत दी गई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












