-चार साल से फरार कुख्यात शराब कारोबारी लवकुश गिरफ्तार
-मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी सफलता
मुजफ्फरपुर। बिहार में शराब माफियाओं के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के बीच मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। उत्तर बिहार के कुख्यात शराब कारोबारी लवकुश को पुलिस ने पूर्वी चंपारण के मेहसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के डर से फरारी काटने के बावजूद लवकुश अवैध शराब के कारोबार को लगातार संचालित कर रहा था। पुलिस की विशेष टीम लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। 21 मई को पुलिस को उसके मेहसी इलाके में छिपे होने की सटीक सूचना मिली, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई और उसे दबोच लिया गया।
मामले की जड़ जुलाई 2022 से जुड़ी है। 7 जुलाई 2022 को मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2200 लीटर विदेशी और अवैध शराब बरामद की थी। इस दौरान 6 से 7 जिंदा कारतूस, तस्करी में इस्तेमाल होने वाला एक ट्रक और एक कार भी जब्त की गई थी। इस कांड में लवकुश को मुख्य अभियुक्त बनाया गया था, जिसके बाद से वह लगातार फरार था।

गिरफ्तारी को लेकर मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से वांछित शराब माफिया लवकुश को सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई केवल लवकुश की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। पूछताछ और मिले इनपुट के आधार पर उसके पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। उत्तर बिहार और मुजफ्फरपुर क्षेत्र में शराब तस्करी से जुड़े अन्य कारोबारियों और सहयोगियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इस अवैध रैकेट से जुड़े कई और बड़े नामों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
लवकुश की गिरफ्तारी के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस महकमे ने इसे शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान में बड़ी उपलब्धि बताया है।












