-चार साल से ड्यूटी से गायब जिला शहरी स्वास्थ्य सलाहकार, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की अंतिम चेतावनी
मुजफ्फरपुर। जिले के स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। जिला शहरी स्वास्थ्य सलाहकार परवेज अख्तर पिछले करीब चार वर्षों से ड्यूटी से अनुपस्थित हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें अंतिम चेतावनी जारी की है। विभाग ने तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें पदमुक्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, परवेज अख्तर चार नवंबर 2022 से ही अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित हैं। बताया गया है कि उन्होंने पांच से 26 नवंबर 2022 तक अवकाश के लिए आवेदन दिया था, लेकिन छुट्टी स्वीकृत होने से पहले ही चार नवंबर को कार्यस्थल छोड़ दिया। इसके बाद से उन्होंने दोबारा योगदान नहीं दिया।
विभागीय स्तर पर इस मामले में वर्ष 2023 में भी उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उस समय भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। लंबे समय तक बिना स्वीकृति और सूचना के अनुपस्थित रहने को विभाग ने गंभीर अनुशासनहीनता माना है।

अब राज्य स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें अंतिम मौका देते हुए तीन दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार पदमुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। विभाग की इस सख्ती को सरकारी कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता के खिलाफ कड़े रुख के रूप में देखा जा रहा है।












