-गायघाट में रबी महाअभियान का आगाज, वैज्ञानिक खेती से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
दीपक कुमार/गायघाट (मुजफ्फरपुर), 29 अक्टूबर। प्रखंड कृषि कार्यालय, गायघाट के सभागार में गुरुवार को रबी महाअभियान 2026 के तहत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण सह उपादान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के चयन, मिट्टी की जांच और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही खेती की लागत कम कर उत्पादन और आमदनी बढ़ाने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने की, जबकि संचालन प्रखंड तकनीकी प्रबंधक राजन झा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र, तुर्की के प्रधान वैज्ञानिक एस.के. राय और बी.सी. अणु ने किसानों एवं कृषि कर्मियों को रबी फसलों की बेहतर पैदावार के लिए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की सलाह दी।
प्रशिक्षण के दौरान मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का संतुलित प्रयोग, बीज उपचार, गुणवत्तापूर्ण बीजों का चयन, सब्जी उत्पादन और आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया। वैज्ञानिकों ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान खेती की लागत कम करने के साथ उत्पादन और उत्पादकता बढ़ा सकते हैं।

किसानों को पारंपरिक खेती के साथ मछली पालन, मुर्गी पालन, बत्तख पालन और पशुपालन जैसी गतिविधियां अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। बताया गया कि कृषि आधारित सहायक व्यवसायों से किसानों को अतिरिक्त आमदनी के अवसर मिल सकते हैं। इस दौरान कृषि विभाग की बीज वितरण, कृषि यंत्रीकरण और किसान समूह गठन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और सामूहिक रूप से खेती से जुड़े संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रबी महाअभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।
कार्यक्रम में किसान सलाहकार सुनील कुमार, विनोद कुमार, श्याम किशोर, संजीव कुमार, वीरेंद्र कुमार, दीपक कुमार, ओमप्रकाश कंचन, संजय पासवान, सीमा कुमारी, गुड़िया कुमारी, ममता कुमारी, नरेश कुमार, परशुराम कुमार, कन्हैया कुमार, कुमार गौरव, विमलेश साहनी, विनय कुमार, ब्रजकिशोर प्रसाद, भूषण कुमार, रमाशंकर पांडेय, लेखापाल अरविंद कुमार सहित अन्य कृषि कर्मी और किसान उपस्थित रहे।












