Advertisement

खेत बचाओ अभियान के तहत वैज्ञानिक कृषक संवाद

-खेत बचाओ अभियान के तहत वैज्ञानिक कृषक संवाद

-किसानों को मिली आधुनिक खेती की जानकारी

मुजफ्फरपुर। किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को किसान सेतु फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की ओर से ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत वैज्ञानिक कृषक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुशहरी प्रखंड के नरौली चौक स्थित किसान सेतु कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में किसानों और कृषि विशेषज्ञों ने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र के प्रधान एवं वैज्ञानिकों ने किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान लीची उत्पादन, खेतों एवं मिट्टी का संरक्षण, वैज्ञानिक खेती की तकनीक और कृषि विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम में खेती को अधिक टिकाऊ, लाभकारी और पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही किसानों की समस्याओं को वैज्ञानिकों तक पहुंचाने और उन्हें तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए बेहतर समन्वय विकसित करने की आवश्यकता बताई गई।
किसान सेतु फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की ओर से बताया गया कि किसानों को संगठित कर वैज्ञानिक खेती, आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और कृषि आधारित विकास के अवसरों से जोड़ने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। ‘खेत बचाओ अभियान’ के माध्यम से खेतों, मिट्टी और कृषि संसाधनों के संरक्षण के साथ किसानों को सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में खेत बचाने, मिट्टी का संरक्षण करने और वैज्ञानिक तरीके से खेती को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।