-औराई में इंसानियत शर्मसार: बीमार महिला को दवा देने पहुंचे सीएसपी संचालक की बेरहमी से पिटाई
-चप्पलों की माला पहनाकर किया अपमानित
मुजफ्फरपुर। जिले के औराई थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। भरथुआ पंचायत के वार्ड संख्या-3 में बीमार पड़ोसी महिला को दवा देने पहुंचे सीएसपी संचालक एवं वार्ड सदस्य के पति मंटू साह के साथ कथित तौर पर दबंगों ने अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि उन्हें कथित प्रेम प्रसंग का आरोप लगाकर बेरहमी से पीटा गया, गले में चप्पलों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और जान से मारने की कोशिश भी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मंटू साह को उनके पड़ोसी किशन राय की पत्नी का फोन आया था। महिला ने तबीयत खराब होने और घर में कोई सदस्य नहीं होने की बात कहते हुए दवा लाने का अनुरोध किया। मानवीय आधार पर मंटू साह दवा लेकर महिला के घर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ लिया।

पीड़ित का आरोप है कि दबंगों ने उन पर महिला से अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए पहले रस्सी से बांधा, फिर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। इसके बाद गले में चप्पलों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर कई लोग घटना देखते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग पीड़ित के साथ दुर्व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मंटू साह को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराकर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश की भी आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हाल ही में एक कथित शराब कारोबारी की गिरफ्तारी के बाद उसे संदेह था कि पुलिस को सूचना मंटू साह ने दी थी। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित प्रेम प्रसंग का आरोप लगाकर इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
औराई थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सीएसपी संचालक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घायल का इलाज कराया जा रहा है तथा प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











