-एक लाख की इनामी महिला नक्सली विनीता भारती गिरफ्तार
-STF और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
-मुजफ्फरपुर और पश्चिम चंपारण में दर्ज हैं पांच आपराधिक मामले
-कई अलग-अलग नामों से थी पहचान
-पति भी था नॉर्थ बिहार के हथियारबंद दस्ते का जोनल कमांडर
मुजफ्फरपुर। बिहार एसटीएफ और बेगूसराय जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली विनीता भारती को गिरफ्तार किया है। नॉर्थ जोन की हार्डकोर नक्सली बताई जा रही विनीता को 22 नवंबर 2026 को बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के बाथौली गांव में छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से कई आपराधिक मामलों में वांछित थी।
गिरफ्तार महिला की पहचान विनीता भारती उर्फ श्वेता, अनीता, प्रतिमा और कल्पना के रूप में हुई है। वह मूल रूप से दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के लालपुर शिवराम की रहने वाली है। उसका स्थायी पता मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के महुली गांव बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, विनीता के खिलाफ मुजफ्फरपुर और पश्चिम चंपारण जिले के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट समेत कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना में 15 जनवरी 2017 को दर्ज कांड संख्या 13/17 में भी वांछित थी। इस मामले में भारतीय दंड विधान की धारा 414, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, विनीता प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन की सक्रिय सदस्य रही है। उसका पति अमर लाल देव उर्फ नारायण राम उर्फ नकुल भी संगठन का सक्रिय नक्सली था। उसे नॉर्थ बिहार के हथियारबंद दस्ते का जोनल कमांडर बताया गया था। वर्ष 2020 में पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर दोन क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में अमर लाल देव मारा गया था। इसके बाद से ही पुलिस विनीता की तलाश कर रही थी।
फिलहाल गिरफ्तार महिला नक्सली से पुलिस पूछताछ कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद संबंधित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












