Advertisement

स्कूल के पास निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरी, छत टूटने से 4 बच्चे गंभीर घायल

-स्कूल के पास निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरी, छत टूटने से 4 बच्चे गंभीर घायल

फरीदाबाद। जिले के खेड़ी पुल इलाके में शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल के साथ बन रही एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक स्कूल की छत पर गिर गई। दीवार गिरने के कारण स्कूल की छत टूटकर नीचे आ गिरी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में 4 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और स्कूल प्रशासन की मदद से घायलों को इलाज के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।