Advertisement

सोनपुर से बाबा गरीबनाथ धाम तक बनेगा 85 किमी लंबा कांवरिया पथ, शिवभक्तों को मिलेगी सुरक्षित और सुगम यात्रा

-सोनपुर से बाबा गरीबनाथ धाम तक बनेगा 85 किमी लंबा कांवरिया पथ, शिवभक्तों को मिलेगी सुरक्षित और सुगम यात्रा

मुजफ्फरपुर। सावन में बाबा गरीबनाथ धाम की यात्रा करने वाले लाखों शिवभक्तों के लिए बिहार सरकार ने बड़ी सौगात देने की घोषणा की है। सोनपुर से उत्तर बिहार के देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ धाम, मुजफ्फरपुर तक श्रद्धालुओं के लिए समर्पित 85 किलोमीटर लंबा कांवरिया पथ बनाया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य कांवरियों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा उपलब्ध कराना है।
पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने बताया कि यह विशेष कांवरिया पथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की जमीन पर विकसित किया जाएगा। सड़क बनने के बाद कांवरियों को मुख्य सड़क पर भारी वाहनों, धूल, शोर और ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।


इस समर्पित मार्ग के निर्माण से सोनपुर से जल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक रास्ता मिलेगा। मुख्य सड़कों पर वाहनों के बीच पैदल यात्रा करने की मजबूरी खत्म होगी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। साथ ही सावन के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और विभिन्न सेवा शिविरों के संचालन में भी आसानी होगी।
सरकार का मानना है कि बेहतर सुविधाएं मिलने से बाबा गरीबनाथ धाम आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की संख्या में भी वृद्धि होगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचेगा।
पथ निर्माण विभाग के अनुसार, परियोजना के लिए जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि भविष्य में कांवरियों को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का लाभ मिल सके।