Advertisement

सावन में शिवभक्तों को बड़ी सौगात, मुजफ्फरपुर से देवघर-बासुकीनाथ के लिए विशेष सरकारी बस सेवा शुरू

-सावन में शिवभक्तों को बड़ी सौगात, मुजफ्फरपुर से देवघर-बासुकीनाथ के लिए विशेष सरकारी बस सेवा शुरू

मुजफ्फरपुर। सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने मुजफ्फरपुर से देवघर-बासुकीनाथ के लिए विशेष सरकारी बस सेवा शुरू कर दी है। इमलीचट्टी सरकारी बस स्टैंड से संचालित होने वाली इस बस सेवा के लिए यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
निगम के अनुसार, यह विशेष बस प्रतिदिन शाम 7:00 बजे इमलीचट्टी बस स्टैंड से बासुकीनाथ के लिए रवाना होगी। बस समस्तीपुर, बरौनी, सुल्तानगंज और देवघर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। इस मार्ग पर यात्रा का किराया 463 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर से रांची के लिए भी प्रतिदिन शाम 6:40 बजे बस सेवा संचालित होगी, जिसका किराया 599 रुपये तय किया गया है।


परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि मुजफ्फरपुर डिपो को हाल ही में 11 नई नॉन-एसी बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों का परिचालन दिल्ली, कोलकाता, सिलीगुड़ी, पूर्णिया और पटना जैसे लंबी दूरी के महत्वपूर्ण मार्गों पर किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर और अधिक सुविधाजनक परिवहन सेवा मिल सकेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, अगले एक सप्ताह के भीतर मुजफ्फरपुर डिपो को 11 नई एसी बसें भी मिलने की संभावना है। इसके साथ ही करीब 25 नई इलेक्ट्रिक बसें भी जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी। इन आधुनिक बसों के शामिल होने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हाजीपुर, पटना, शिवहर, सीतामढ़ी और मोतिहारी जैसे प्रमुख जिलों के लिए किया जाएगा। निगम का मानना है कि इस पहल से उत्तर बिहार के यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी। वहीं सावन के दौरान देवघर और बासुकीनाथ जाने वाले लाखों शिवभक्तों की यात्रा भी पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी।