Advertisement

नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र का शुभारंभ, विधायक महेंद्र राम ने किया उद्घाटन

-नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र का शुभारंभ, विधायक महेंद्र राम ने किया उद्घाटन

राजापाकर, संजय श्रीवास्तव। प्रखंड की नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत अंतर्गत बिरनालखन सेन स्थित बोतला चौक पर प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र का उद्घाटन स्थानीय विधायक महेंद्र राम ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विधायक महेंद्र राम ने कहा कि भारत सरकार की प्रधानमंत्री जनऔषधि योजना का उद्देश्य आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र पर उपलब्ध सभी दवाइयां भारत सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर दी जाएंगी, जो बाजार मूल्य की तुलना में लगभग 50 से 80 प्रतिशत तक सस्ती हैं। उन्होंने कहा कि सभी दवाइयां प्रमाणिक, गुणवत्तापूर्ण और सरकार से मान्यता प्राप्त हैं। सरकार का संकल्प है कि “सस्ती दवा, बेहतर स्वास्थ्य” का लाभ हर परिवार तक पहुंचे।


कार्यक्रम में जिला परिषद प्रतिनिधि कुमार सौरभ शर्मा एवं मुखिया प्रतिनिधि अमरेश कुमार सिंह ने कहा कि जनऔषधि केंद्र खुलने से क्षेत्र के लोगों को महंगी दवाइयों से राहत मिलेगी। अब मरीजों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जनऔषधि केंद्र से दवाइयां खरीदने की अपील की, ताकि उन्हें आर्थिक बचत के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके।
जनऔषधि केंद्र के संचालक रितिक राज ने बताया कि केंद्र पर विभिन्न प्रकार की आवश्यक जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध हैं और भविष्य में दवाओं की उपलब्धता को और बढ़ाया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
इस अवसर पर बबलू कुमार, रोहित कुमार, अमर कुमार, अनुज कुमार, शुभम भारद्वाज, डॉ. राहुल कुमार, विकास कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।