Advertisement

राजापाकर में विकास मित्रों की बैठक, राशन कार्ड आवेदनों के शीघ्र ऑनलाइन निष्पादन और जनगणना डाटा संग्रह के निर्देश

-राजापाकर में विकास मित्रों की बैठक, राशन कार्ड आवेदनों के शीघ्र ऑनलाइन निष्पादन और जनगणना डाटा संग्रह के निर्देश

राजापाकर, संजय श्रीवास्तव। प्रखंड कार्यालय राजापाकर परिसर में गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास मित्रों एवं पंचायत कर्मियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित सभी पंचायतों के विकास मित्र और पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने निर्देश दिया कि हाल ही में विभिन्न पंचायतों में आयोजित शिविरों के दौरान ऑफलाइन प्राप्त सभी राशन कार्ड आवेदनों को जल्द से जल्द ऑनलाइन किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों का राशन कार्ड समय पर बन सके और उन्हें सरकारी योजना का लाभ मिल सके।


उन्होंने कहा कि जिन आवेदनों में किसी प्रकार की त्रुटि या आवश्यक दस्तावेजों की कमी है, संबंधित आवेदकों से संपर्क कर उनके पंचायत स्तर पर ही आवश्यक कागजात उपलब्ध कराए जाएं, जिससे आवेदन रद्द होने से बच सके।
बैठक में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका निर्माण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। बीडीओ ने सभी विकास मित्रों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्र में क्षेत्रीय कर्मी के रूप में कार्य करते हुए मोबाइल एप के माध्यम से आवश्यक डाटा संग्रह करें। इस कार्य के तहत पंचायत के विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों की संख्या, विद्यार्थियों की उपस्थिति सहित अन्य निर्धारित जानकारियों को एप में दर्ज कर जिला जनगणना हस्त पुस्तिका तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 1 अगस्त से 31 अगस्त तक चलेगा। इस अवधि में सभी विकास मित्र अपने-अपने पंचायतों से निर्धारित डाटा संग्रह कर प्रखंड कार्यालय में जमा करेंगे।
बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी आदिती कुमारी, विकास मित्र सरिता कुमारी, राजू कुमार, दिलीप कुमार सहित सभी पंचायतों के विकास मित्र एवं पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।