-राजकीय मध्य विद्यालय बेलकुंडा में चला ‘वृक्ष लगाओ-वृक्ष बचाओ’ अभियान, बालिकाओं के नाम लगाए गए पौधे
राजापाकर, संजय श्रीवास्तव। राजकीय मध्य विद्यालय बेलकुंडा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। विद्यालय में विशिष्ट शिक्षक प्रमोद कुमार के कुशल नेतृत्व एवं प्रधानाध्यापक अजीत कुमार के मार्गदर्शन में “वृक्ष लगाओ-वृक्ष बचाओ” अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए बालिकाओं के नाम से पौधारोपण किया जा रहा है। विद्यालय को चाइल्ड फ्रेंडली एवं इको फ्रेंडली बनाने में विशिष्ट शिक्षक प्रमोद कुमार की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही है।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अजीत कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
वहीं विशिष्ट शिक्षक प्रमोद कुमार ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए वृक्ष लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित सुरक्षा एवं देखभाल करने की शपथ दिलाई।
वृक्षारोपण अभियान में विद्यालय की बाल संसद, इको क्लब, मीना मंच, स्काउट-गाइड के सदस्यों सहित शिक्षिका सीमा कुमारी तथा शिक्षक शशिकांत चतुर्वेदी, मनोज कुमार एवं अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अभियान को सफल बनाया। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।











