Advertisement

सात वर्षीय बेटी को छोड़ विवाहिता प्रेमी संग हुई फरार

-सात वर्षीय बेटी को छोड़ विवाहिता प्रेमी संग हुई फरार

-ससुराल वालों ने हाजीपुर से पकड़ा
-10 साल छोटे प्रेमी संग भागी महिला को पुलिस ने सौंपा पति के हवाले
-प्रेमी ने किया शादी का दावा, पुलिस ने समझौते के बाद महिला को पति को सौंपा

वैशाली (गोरौल)। मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के विशुनपुर बांदे गांव की एक विवाहिता अपनी सात वर्षीय बेटी को छोड़कर अपने से 10 साल छोटे प्रेमी के साथ फरार हो गई।

घटना के संबंध में महिला के पति सोनेलाल सिंह ने बताया कि उसकी शादी 10 वर्ष पूर्व गोरौल थाना क्षेत्र के इस्लामपुर गांव में हुई थी। दंपति का वैवाहिक जीवन सामान्य चल रहा था, लेकिन 15 मार्च को उसकी पत्नी अपने पूर्व प्रेमी के साथ फरार हो गई।

ससुराल वालों को महिला के हाजीपुर में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वे वहां पहुंचे और महिला को पकड़कर गोरौल पुलिस के हवाले कर दिया। महिला के साथ उसका प्रेमी राहुल कुमार (20 वर्ष) और राहुल के पिता अनिल सिंह को भी पुलिस के हवाले किया गया।

प्रेमी राहुल कुमार ने दावा किया कि उसने महिला से विधिवत शादी कर ली है। वहीं, महिला का पति भी उसे अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ा था।

मामले को सुलझाने के लिए गोरौल थाने के अपर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार एवं अवर निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार ने दोनों पक्षों को समझाया। आपसी सहमति के आधार पर विवाहिता को उसके पति के हवाले कर दिया गया।