Advertisement

सराय कैमरा कांड के बाद रेलवे अलर्ट, समस्तीपुर रेलमंडल के संवेदनशील फाटकों पर लगेंगे CCTV कैमरे

-सराय कैमरा कांड के बाद रेलवे अलर्ट, समस्तीपुर रेलमंडल के संवेदनशील फाटकों पर लगेंगे CCTV कैमरे

मुजफ्फरपुर। सराय स्टेशन के पास रेल लाइन किनारे संदिग्ध खुफिया कैमरा मिलने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूर्व मध्य रेल (ECR) ने समस्तीपुर रेलमंडल के स्पेशल श्रेणी के रेल समपार फाटकों (लेवल क्रॉसिंग गेट) पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस नई व्यवस्था से इंटरलॉक्ड एलसी गेटों की निगरानी बेहतर होगी और रेल पटरियों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। समस्तीपुर रेलमंडल में कुल 787 रेल समपार फाटक हैं, जिनमें अत्यधिक संवेदनशील और स्पेशल श्रेणी के फाटकों को चिन्हित कर कैमरे लगाने की योजना बनाई गई है।

रेलवे ने इस परियोजना के लिए 66 लाख 98 हजार 724 रुपये 10 पैसे का बजट निर्धारित किया है। योजना की शुरुआत समस्तीपुर रेलमंडल से की जाएगी। इसके लिए रेलवे की ई-निविदा प्रक्रिया 5 जून को आयोजित होगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी को कैमरे लगाने का कार्य सौंपा जाएगा।

सराय घटना के बाद बढ़ी सतर्कता

गौरतलब है कि 7 मई को सराय इलाके में रेल लाइन किनारे एक संदिग्ध खुफिया कैमरा मिलने के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था। शुरुआती जांच में इसे किसी बड़ी साजिश या आतंकी गतिविधि से जोड़कर देखा गया थाl

बाद में सोनपुर रेलमंडल के अधिकारियों, जिला पुलिस और जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। कैमरे को जब्त कर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एनआईए, एसटीएफ और सेना की खुफिया इकाई ने भी जांच में हिस्सा लिया।

जांच के दौरान कैमरे में इस्तेमाल सिम कार्ड की डिटेल से चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि कर्नाटक में करीब एक करोड़ रुपये की लूट के आरोपी एक अपराधी की लोकेशन सराय क्षेत्र में मिली थी। उसी की निगरानी के लिए कर्नाटक पुलिस ने स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बिना रेल फाटक के पास गुप्त कैमरा लगाया था।

हालांकि, मामले का खुलासा होने के बाद भी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय को लेकर सवाल उठे हैं। इस घटना के बाद रेलवे बोर्ड ने सुरक्षा मानकों को और सख्त करते हुए देशभर के प्रमुख रेल जंक्शन, यार्ड, आउटर सिग्नल और होम सिग्नल के आसपास हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं।

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की महानिदेशक सोनाली मिश्रा ने भी संवेदनशील रेल क्षेत्रों और रेलवे की खाली जमीनों के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। रेलवे अब सुरक्षा व्यवस्था को धरातल पर तेजी से लागू करने की दिशा में काम कर रहा है।