-शादी तय होते ही पुराने सहपाठी डॉक्टर पर महिला चिकित्सक को परेशान करने का आरोप
-AI से आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने की शिकायत
मुजफ्फरपुर। शादी की खुशियों के बीच एक महिला चिकित्सक के लिए उनका पुराना सहपाठी ही परेशानी का कारण बन गया। आरोप है कि एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान साथ रहे पटना के कंकड़बाग निवासी डॉक्टर ने एआई और फोटोशॉप तकनीक की मदद से महिला चिकित्सक की सामान्य तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक रूप दे दिया। इसके बाद फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल और ईमेल के जरिए कथित तस्वीरें प्रसारित करने और धमकियां देने का आरोप लगाया गया है। मामले में महिला चिकित्सक ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस को दिए आवेदन में महिला चिकित्सक ने बताया कि आरोपित डॉक्टर उनके एमबीबीएस का सहपाठी रहा है। शादी तय होने के बाद कथित तौर पर उसने शादी में बाधा डालनी शुरू कर दी। आरोप है कि महिला चिकित्सक के स्वजन को धमकी दी गई कि वह शादी नहीं होने देगा। इसको लेकर पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी। उस समय आरोपित ने भविष्य में संपर्क नहीं करने का आश्वासन दिया था।
महिला चिकित्सक का आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने एआई और फोटोशॉप तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी सामान्य तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक रूप में तैयार किया। इन तस्वीरों का इस्तेमाल कथित तौर पर उन्हें बदनाम करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए किया गया।

शिकायत के अनुसार, दो अलग-अलग नामों से फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाई गईं और इन प्रोफाइल के जरिए कथित आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित की गईं। इसके अलावा महिला चिकित्सक के पति, ससुरालवालों और कॉलेज के सहपाठियों को भी अलग-अलग फर्जी ईमेल आईडी और अज्ञात मोबाइल नंबरों से संदेश भेजे गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि फर्जी जानकारी और तस्वीरों के जरिए उनके वैवाहिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
लगातार मिल रही धमकियों और संदेशों से महिला चिकित्सक मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने पुलिस को मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी सौंपे हैं। इनमें कथित आपत्तिजनक तस्वीरें, फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल के यूआरएल और संदेशों के स्क्रीनशॉट शामिल हैं।
साइबर थाने में पटना के कंकड़बाग निवासी एमबीबीएस सहपाठी डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है।











