Advertisement

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूले आठ लाख

-शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूले आठ लाख

मुजफ्फरपुर। पीयर थाना क्षेत्र की 29 वर्षीय महिला ने अहियापुर थाना क्षेत्र के सहबाजपुर शेखपुर निवासी नीरज कुमार झा उर्फ नवाब नीरज पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसका अश्लील फोटो और वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर अब तक करीब आठ लाख रुपये वसूल लिए। इसके बावजूद वह फोटो-वीडियो डिलीट नहीं कर रहा है और लगातार धमकी दे रहा है।
इस संबंध में महिला ने छह सितंबर को अहियापुर थाने में नीरज कुमार झा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने बुधवार को महिला को सीजेएम कोर्ट में पेश किया। सीजेएम के आदेश पर न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराया गया। बयान को सीलबंद रखा गया है।


एफआईआर में महिला ने बताया है कि एक अस्पताल में काम करने के दौरान उसकी नीरज से पहचान हुई थी। बाद में नीरज के आपराधिक प्रवृत्ति का पता चलने पर उसने उससे संपर्क तोड़ लिया। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद 30 अप्रैल को नीरज जबरन उसके अहियापुर स्थित किराये के मकान में पहुंच गया। उसने महिला का लैपटॉप छीन लिया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार उसके साथ जबरदस्ती करता रहा और इसी दौरान उसकी फोटो व वीडियो बना ली। बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर रुपये की मांग करने लगा। फोटो-वीडियो डिलीट करने का झांसा देकर आरोपी अब तक उससे करीब आठ लाख रुपये ले चुका है। इसके बावजूद वीडियो डिलीट नहीं किया गया।
महिला ने आरोप लगाया है कि नीरज अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचकर मारपीट की धमकी भी दे रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।