-एनटीपीसी कांटी सात छठ घाटों के विकास पर खर्च करेगी एक करोड़ रुपये
मुजफ्फरपुर। सामुदायिक विकास एवं जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत एनटीपीसी कांटी आसपास के क्षेत्रों में सात छठ घाटों के विकास के लिए एक करोड़ रुपये खर्च करेगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के सीएसआर बजट से प्रस्तावित इन कार्यों के लिए एनटीपीसी कांटी ने जिला प्रशासन को राशि उपलब्ध कराने की पहल की है।
इस संबंध में एनटीपीसी कांटी के परियोजना प्रमुख पंकज कुमार गुप्ता एवं अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अजय प्रसाद ने जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर को पत्र सौंपा है। पत्र के माध्यम से प्रस्तावित कार्यों को बिहार सरकार के संबंधित विभाग के माध्यम से डिपॉजिट वर्क स्कीम के तहत कराने का अनुरोध किया गया है।

एनटीपीसी कांटी द्वारा बीरपुर पोखर, साईं पोखर, मैसाहा पोखर, पनापुर करियत थाना पोखर, सिरसिया मठ पोखर, दामोदरपुर गंगा राम पोखर तथा रानी पोखर, मणिपुर मझौहा में छठ घाटों के विकास का प्रस्ताव दिया गया है। इन स्थलों पर विकास कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को छठ महापर्व के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक घाट उपलब्ध हो सकेंगे।
प्रस्तावित कार्यों का लाभ आसपास के ग्रामीणों के साथ परियोजना प्रभावित गांवों के लोगों को भी मिलेगा। छठ पूजा के अलावा इन घाटों का उपयोग अन्य सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन के लिए भी किया जा सकेगा। एनटीपीसी कांटी की ओर से बताया गया कि विद्युत उत्पादन के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए विभिन्न सीएसआर एवं सामुदायिक कल्याण योजनाएं संचालित की जाती रही हैं। सात छठ घाटों का विकास इसी सामाजिक प्रतिबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।












