-पिकअप लूटने की कोशिश में ड्राइवर को मारी गोली, मुंह के आर-पार हुई गोली
मुजफ्फरपुर। करजा थाना क्षेत्र के पकड़ी पुल के पास गुरुवार तड़के पिकअप लूटने की कोशिश के दौरान बदमाशों ने चालक पर गोली चला दी। गोली चालक के मुंह के आर-पार हो गई। घायल चालक को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी रंजीत चौरसिया के रूप में हुई है। रंजीत पटना से सामान लेकर पूर्वी चंपारण के चकिया जा रहा था। बताया गया कि रात करीब 1:30 बजे नींद आने पर उसने पकड़ी पुल के पास सड़क किनारे अपनी पिकअप खड़ी कर दी और वाहन में ही सो गया।
रंजीत के अनुसार, सड़क किनारे पहले से तीन-चार अन्य वाहन खड़े थे। कुछ देर बाद वे वाहन वहां से चले गए, लेकिन वह पिकअप में सोता रहा। गुरुवार सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच तीन-चार बदमाश उसके पास पहुंचे। आरोप है कि एक बदमाश वाहन के पास रहा, जबकि तीन अन्य ने रंजीत को जगाकर पिकअप की चाबी मांगनी शुरू कर दी।

रंजीत ने चाबी देने से इनकार किया तो बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके मुंह के आर-पार हो गई। फायरिंग के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक को इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा।
घायल चालक ने बताया कि वह पटना से सामान लेकर चकिया जा रहा था। रास्ते में नींद आने के कारण उसने कुछ देर आराम करने के लिए पिकअप सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान बदमाशों ने वाहन लूटने की कोशिश की और विरोध करने पर फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद करजा थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस बदमाशों की पहचान, घटना में शामिल लोगों और उनके वाहन समेत अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है। घायल चालक के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












