Advertisement

चार साल पुराने हत्याकांड का खुलासा, जिसे मृत मानकर दर्ज हुआ था केस वह थाने पहुंचा

-चार साल पुराने हत्याकांड का खुलासा, जिसे मृत मानकर दर्ज हुआ था केस वह थाने पहुंचा

मुजफ्फरपुर। देवरिया थाना क्षेत्र में दर्ज करीब चार साल पुराने हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। जिस सोनू कुमार को मृत मानकर हत्या का मामला दर्ज किया गया था, वह 17 सितंबर 2026 को खुद थाने पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, सोनू ने प्रेम-प्रसंग को जारी रखने के लिए अपनी हत्या की झूठी साजिश रची थी और कथित हत्या के दिन ही संबंधित युवती को लेकर दूसरे राज्य चला गया था।

मामला वर्ष 2022 का है। गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र निवासी धीरज प्रसाद श्रीवास्तव ने 9 नवंबर 2022 को थावे थाने में आवेदन देकर बताया था कि उनके छोटे भाई सोनू कुमार 6 नवंबर को दुकान का सामान खरीदने के लिए 50 हजार रुपये लेकर पटना निकले थे। इसी दौरान सोनू के मोबाइल से शाम करीब पांच बजे व्हाट्सऐप पर एक ऑडियो मिलने की बात सामने आई थी।

पुलिस के अनुसार, ऑडियो में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रुपये से भरा बैग छीनने और सोनू की हत्या किए जाने की जानकारी दी गई थी। साथ ही खून से लथपथ सिर की तस्वीर भेजे जाने की बात भी आवेदन में कही गई थी। इसके आधार पर थावे थाना में शून्य प्राथमिकी दर्ज कर मामला देवरिया थाना भेजा गया। बाद में देवरिया थाना में कांड संख्या 25/23 दर्ज कर हत्याकांड की जांच शुरू की गई।

मामले की जांच के लिए एसएसपी मुजफ्फरपुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। एसपी ग्रामीण के अनुश्रवण और एसडीपीओ सरैया के नेतृत्व में टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, जांच आगे बढ़ने पर कथित हत्या की कहानी पर संदेह गहराया और पता चला कि सोनू कुमार ने प्रेम-प्रसंग को जारी रखने के लिए खुद की हत्या की झूठी कहानी तैयार की थी।

पुलिस का दावा है कि 6 नवंबर 2022 को ही सोनू संबंधित युवती को लेकर दूसरे राज्य चला गया था। इस मामले में युवती की मां ने भी अपनी बेटी के संबंध में थावे थाना में आवेदन दिया था। इसके आधार पर 6 दिसंबर 2022 को थावे थाना कांड संख्या 324/22 दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान लगातार बनाए गए दबाव के बाद सोनू कुमार 17 सितंबर 2026 को थाने में उपस्थित हुआ। पुलिस ने उसे तथाकथित मृतक के रूप में बरामद किया है। उसके थाने पहुंचने के बाद करीब चार साल पुराने इस मामले में नया मोड़ आ गया है।

अब पुलिस यह जांच कर रही है कि वर्ष 2022 में कथित हत्या की कहानी किस तरह तैयार की गई थी और इसमें सोनू के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।