-रिटायर्ड बैंककर्मी दंपती हत्याकांड में 50 हजार का इनाम घोषित, संदिग्ध का स्केच जारी
मुजफ्फरपुर। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौरी इलाके में हुए चर्चित रिटायर्ड बैंककर्मी दंपती हत्याकांड में पुलिस ने फरार संदिग्ध की जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। एसएसपी कार्यालय की ओर से इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध का स्केच और तस्वीर भी जारी की है।
बताया गया है कि करीब दो माह पूर्व रामबाग चौरी स्थित घर में घुसकर पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त कर्मी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ अन्य साक्ष्यों की जांच की। इसी आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध का स्केच और तस्वीर जारी की है।

जांच में पुलिस के सामने यह बात आई कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश घटना से करीब तीन दिन पहले किरायेदार बनकर दंपती के मकान में रहने आए थे। पुलिस के अनुसार, मौका मिलने पर योजनाबद्ध तरीके से दंपती की हत्या की गई। घटना के बाद बदमाश दंपती के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए थे।
मामले में संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अब फरार संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। मामले में एसआईटी अन्य तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।












