-शहीद कैप्टन दिलीप कुमार झा को समर्पित रहा समस्तीपुर मंडल का 69वाँ रेल सेवा पुरस्कार समारोह
समस्तीपुर। ब्यूरो रिपोर्ट।
पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल का 69वाँ रेल सेवा पुरस्कार समारोह शहीद कैप्टन दिलीप कुमार झा (कीर्ति चक्र) की स्मृति को समर्पित करते हुए अत्यंत भावपूर्ण और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में शहीद के पिता श्री नथुनी झा एवं पद्मश्री मिथिला चित्रकार श्री शिवन पासवान अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक श्री विनय श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आलोक झा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर मंडल के 52 उत्कृष्ट रेलकर्मियों (6 राजपत्रित एवं 46 अराजपत्रित) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शहादत और कला को मिला मंच:
कार्यक्रम में कैप्टन दिलीप कुमार झा के बलिदान को याद किया गया, जिन्होंने 2002 में कश्मीर के पूंछ सेक्टर में आतंकवादियों से लड़ते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। वहीं, पद्मश्री शिवन पासवान ने मिथिला पेंटिंग को वैश्विक पहचान दिलाने के अपने योगदान की संक्षिप्त प्रस्तुति दी। उन्होंने समाज के पिछड़े वर्गों के बच्चों को कला का प्रशिक्षण देकर सांस्कृतिक संरक्षण का अद्भुत कार्य किया है।

मंडल की उपलब्धियाँ रहीं उल्लेखनीय:
मंडल रेल प्रबंधक श्री श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में बताया कि समस्तीपुर मंडल ने बीते वित्त वर्ष में 208 रैक मक्के की ढुलाई कर नया कीर्तिमान रचा है। मंडल ने 1256 करोड़ रुपये का रिकार्ड राजस्व अर्जित किया और लोडिंग में 34% की वृद्धि के साथ देश के टॉप 10 लोडिंग मंडलों में स्थान प्राप्त किया है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आयोजन का आकर्षण:
समारोह में देशभक्ति से परिपूर्ण गीत-संगीत और नृत्य ने वातावरण को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम ने शहादत, संस्कृति और सेवा भावना को एक साथ जोड़ते हुए एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह सम्मान सिर्फ कुछ नामों तक सीमित नहीं, बल्कि समर्पित कार्य संस्कृति को सलाम है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलकर्मी, अधिकारी, पत्रकार और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।












