Advertisement

वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण

-वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ अभियान के तहत राजापाकर उत्तरी पंचायत के भाथादासी ग्राम स्थित सामुदायिक भवन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनजीवन हरियाली के प्रखंड ब्रांड एंबेसडर महेंद्र राय, मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल एवं वार्ड सदस्य जगन्नाथ राय ने फलदार, फूलदार एवं छायादार पौधे लगाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मौके पर लोगों को वृक्षारोपण के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि पेड़-पौधों से पर्यावरण शुद्ध रहता है और आसपास हरियाली बनी रहती है। लोगों से अपने घरों एवं आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा दूसरों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि घर में किसी शुभ कार्य के अवसर पर एक पौधा लगाने की परंपरा शुरू की जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि सागवान, सखुआ, शीशम सहित कई उपयोगी वृक्ष भविष्य में आर्थिक लाभ का साधन भी बन सकते हैं। वहीं मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत इच्छुक लोगों के लिए नि:शुल्क पौधारोपण की व्यवस्था की जाती है। पौधों की देखभाल के लिए मजदूर तथा सिंचाई के लिए चापाकल की व्यवस्था भी योजना के तहत किए जाने की बात उन्होंने कही। उन्होंने ग्रामीणों से इस योजना का लाभ उठाकर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।