-रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, पीएम मोदी बोले- विकसित भारत निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम
नई दिल्ली।दीपक तिवारी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत के युवा विकसित भारत की यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और सरकार युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में शामिल होने वाले युवा आने वाले वर्षों में विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम योगदान देंगे।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने हाल ही में हुई पांच देशों की राजनयिक यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दुनिया भारत के युवा कौशल और तकनीकी प्रगति से प्रभावित है तथा कई देश भारत के विकास में भागीदार बनने को उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, डिजिटल तकनीक और सतत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां देश में नए रोजगार अवसर पैदा करेंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण, जहाज निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से रोजगार की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना है और इस दिशा में बुनियादी ढांचे, उद्योग, प्रौद्योगिकी और कौशल विकास पर बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये निवेश युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार अवसर तैयार कर रहे हैं।
ग्रामीण विकास का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गांवों में सड़क, बिजली, डिजिटल कनेक्टिविटी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से किसानों, छात्रों और छोटे व्यापारियों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है, जिसका सकारात्मक असर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों पर पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कौशल विकास, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के युवा भी नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं।
नव नियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में व्यवहार, संवेदनशीलता और कार्यशैली की अहम भूमिका होती है। उन्होंने युवाओं से जनता के विश्वास को मजबूत करने और अपने कार्य को राष्ट्र सेवा का माध्यम मानकर काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि नई पीढ़ी की ऊर्जा और संकल्प विकसित भारत के लक्ष्य को नई गति देंगे तथा देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।












