-रामदयालु भीखनपुरा में पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर बन रहा भव्य पूजा पंडाल, मां मनोकामना मंदिर में तैयारियां तेज
मुजफ्फरपुर। रामदयालु भीखनपुरा स्थित मां मनोकामना मंदिर में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार मंदिर परिसर में पुरी के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

मंदिर के प्रधान पुजारी रमेश मिश्रा ने बताया कि नवयुवक समिति की पूजा समिति इस वर्ष दुर्गा पूजा का 47वां आयोजन कर रही है। इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मां मनोकामना मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
स्थानीय मान्यता है कि मां के दरबार में सच्चे मन से प्रार्थना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के कारण मंदिर में हर वर्ष श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
प्रधान पुजारी ने बताया कि सप्तमी, अष्टमी और नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा। साथ ही महिलाओं के बीच सिंदूर, नारियल और चुनरी का वितरण भी किया जाएगा। पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।












