-गायघाट में 21 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और दो मोबाइल जब्त
दीपक कुमार/गायघाट।
मुजफ्फरपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गायघाट थाना पुलिस ने 21.06 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में शराबबंदी और अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 9 अक्टूबर 2026 को गायघाट थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा की बिक्री और परिवहन कर रहा है।

सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने सकरवारा नूर और भतर नगर जाने वाली सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 21.06 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेनीबाद थाना क्षेत्र निवासी महेश राय के रूप में हुई है।
पुलिस ने गांजा के साथ एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में गायघाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।












