-राज्यपाल ने किया डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह बीएड कॉलेज के वातानुकूलित सभागार और अतिथि गृह का उद्घाटन
-विद्यार्थियों को बताया बिहार का भविष्य -गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के विस्तार पर दिया जोर
मुजफ्फरपुर। शहर के चंदवारा स्थित डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह बीएड कॉलेज परिसर में मंगलवार को नवनिर्मित वातानुकूलित सभागार एवं अतिथि गृह का शुभ उद्घाटन किया गया। बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने अपने कर-कमलों से दोनों नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद् शामिल हुए।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, शिक्षाविद् डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह, जनप्रतिनिधिगण, महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नवनिर्मित सभागार और अतिथि गृह को शैक्षणिक गतिविधियों तथा संस्थान के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यार्थियों को बिहार का भविष्य बताते हुए कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का विस्तार समय की आवश्यकता है। शिक्षा के क्षेत्र में बिहार को आगे बढ़ाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों को मजबूत बनाने, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और क्षमता को सही दिशा देने में शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उच्च शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए संस्थानों में आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास भी जरूरी है। ऐसे प्रयास नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त सभागार और अतिथि गृह के निर्माण से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्थागत गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे भविष्य में संगोष्ठी, शैक्षणिक परिचर्चा, कार्यशाला और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन में सहूलियत होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।












