-राजेपुर में तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो में मारी टक्कर, एक की मौत; चार घायल, एक की हालत गंभीर
मुजफ्फरपुर। राजेपुर थाना क्षेत्र के फुलबरिया गांव के पास मंगलवार को तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार मीनापुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 9 निवासी करीब 45 वर्षीय बीरेंद्र प्रसाद की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार सभी लोग थावे मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद घर लौट रहे थे। ऑटो में कुल पांच लोग सवार थे। इसी दौरान फुलबरिया गांव के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे पिकअप वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही।

हादसे में गंभीर रूप से घायल बीरेंद्र प्रसाद, पिता नागिन्द्र प्रसाद, की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घायल हुए अन्य लोग भी उसी परिवार के हैं। बीरेंद्र प्रसाद की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। वहीं, हादसे में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े लोगों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। घायलों का एसकेएमसीएच में इलाज जारी है।














