Advertisement

राजापाकर में जीविका का स्व-जनगणना अभियान तेज, 250 महिलाओं का हुआ सर्वे

-राजापाकर में जीविका का स्व-जनगणना अभियान तेज, 250 महिलाओं का हुआ सर्वे

राजापाकर/वैशाली: संजय श्रीवास्तव। “मैंने किया स्व-जनगणना, आपने किया क्या?” के प्रेरक संदेश के साथ जीविका वैशाली द्वारा स्व-जनगणना अभियान को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को राजापाकर प्रखंड अंतर्गत रामपुर रत्नाकर पंचायत के मानसीपुर गांव में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व जिला परियोजना प्रबंधक वंदना कुमारी ने किया। उनके साथ रोजगार प्रबंधक राजेश कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक राज कुमार साह एवं क्षेत्रीय समन्वयक राकेश कुमार प्रियदर्शी भी मौजूद रहे।


सामुदायिक समन्वयक चंदा कुमारी तथा कैडर पिकी कुमारी, आरती कुमारी, मेनका कुमारी और रीता कुमारी ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान जीविका दीदियों ने घर-घर जाकर स्व-जनगणना का कार्य किया और ग्रामीण महिलाओं को इसके महत्व के बारे में जागरूक किया।
अभियान के तहत मानसीपुर गांव में करीब 250 महिलाओं का स्व-जनगणना कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान वर्ष 2027 के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण महिलाओं में जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ उनकी सहभागिता भी लगातार मजबूत हो रही है।